Read Time:3 Minute, 15 Second
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में हुए टीएचडीसी टनल हादसे में रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक को बाहर निकाला गया। श्रमिक को तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
टनल से एक और शव बरामद
पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की टनल में 13 अगस्त को अचानक मलबा आने से बड़ी संख्या में श्रमिक अंदर फंस गए थे। हादसे में अब तक 8 श्रमिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी, जबकि दो श्रमिकों की तलाश जारी थी। मंगलवार, 18 अगस्त को रेस्क्यू टीम ने दो लापता श्रमिकों में से एक को बाहर निकाला। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अब हादसे में एक श्रमिक की तलाश बाकी रह गई है।
एक लापता श्रमिक की तलाश जारी
एक श्रमिक के अभी भी टनल में फंसे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत विभिन्न एजेंसियां संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। रेस्क्यू टीम का पूरा ध्यान संभावित स्थानों पर पहुंचकर लापता श्रमिक का पता लगाने पर है। टनल के अंदर जमा पानी और स्लज को तेजी से बाहर निकालने का काम भी किया जा रहा है।
सक्शन पंप से निकाला जा रहा पानी और मलबा
टनल के भीतर सर्च अभियान को तेज करने के लिए सक्शन पंपों की मदद से पानी और मलबा हटाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें संभावित स्थानों पर लगातार सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, शेष लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। 13 अगस्त को हादसा होने के बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
13 अगस्त को हुआ था हादसा
विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना की टनल में 13 अगस्त को काम के दौरान अचानक ऊपर से भारी मलबा गिर गया था। इस घटना के बाद कुल 22 श्रमिक टनल के अंदर फंस गए थे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 12 घायल श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। अब तक 9 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक श्रमिक अभी भी लापता है। उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
