मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण व्यवस्था, स्वास्थ्य जांच, आवास, पेयजल और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में संचालित रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पंजीकरण केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में इंतजार न करना पड़े। उन्होंने तकनीकी और मानव संसाधनों को मजबूत कर प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने पर जोर दिया।
गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त सुविधाओं के निर्देश
प्रदेश में बढ़ते तापमान को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष जोर
सीएम धामी ने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है, इसलिए सुरक्षा और सुविधा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से यात्रा मार्गों और ट्रांजिट कैंपों पर निरंतर निगरानी बनाए रखने को कहा।
अधिकारियों और कर्मचारियों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से भी बातचीत की। उन्होंने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की सलाह दी ताकि वे यात्रा अवधि के दौरान बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं दे सकें। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत करें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक
मुख्यमंत्री धामी ने ट्रांजिट कैंप में मौजूद विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की और यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक लिया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार से आए यात्रियों ने सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रद्धालुओं ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया, स्वास्थ्य जांच, आवास और अन्य सुविधाएं संतोषजनक हैं और उन्हें यात्रा के दौरान किसी विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
सरकार का फोकस सुरक्षित और सुगम यात्रा पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यात्रा से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।
