चम्पावत जिले के लोहाघाट से बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। धारचूला से टनकपुर की ओर आ रही टनकपुर डिपो की रोडवेज बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया। बस में कई यात्री सवार थे। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने बड़ी दुर्घटना को टालने के लिए बस को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जिससे बस पहाड़ी से टकराकर रुक गई। हालांकि इस दौरान चालक की दर्दनाक मौत हो गई।
मरोड़ाखान-रायकोट के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोड़ाखान और रायकोट के बीच हुआ। बस धारचूला से टनकपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। पहाड़ी मार्ग पर बस के अनियंत्रित होने से बड़ा हादसा होने की आशंका थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को खाई की ओर जाने से बचाने के लिए पहाड़ी से टकरा दिया। इससे बस रुक गई और बस में सवार यात्रियों की जान बच गई।
चालक के ऊपर चढ़ गया बस का टायर
हादसे के दौरान चालक की ओर का दरवाजा खुल गया। बताया जा रहा है कि चालक बेनीराम भट्ट सीट से नीचे गिरकर सड़क किनारे नाली में जा गिरे। इसी बीच बस का टायर उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चम्पावत निवासी था मृतक चालक
मृतक चालक की पहचान बेनीराम भट्ट निवासी चम्पावत के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सभी यात्री सुरक्षित
पुलिस के अनुसार बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल जरूर रहा, लेकिन किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया, हालांकि उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी।
