उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बदल रहे मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बारिश, आंधी-तूफान और पहाड़ों से पत्थर गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी बीच मंगलवार को हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार निशान सिंह (26 वर्ष), पुत्र जसवंत सिंह, निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए हुए थे। यात्रा के दौरान जब वह पुलना से लगभग चार किलोमीटर आगे पैदल मार्ग पर पहुंचा, तभी अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और बोल्डर नीचे आ गिरे। इनमें से एक पत्थर सीधे उसके सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद यात्रा मार्ग पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गोविंदघाट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने गुरुद्वारा गोविंदघाट प्रबंधन के सहयोग से तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था कर घायल श्रद्धालु को प्राथमिक उपचार के लिए गुरुद्वारा डिस्पेंसरी पहुंचाया।
डिस्पेंसरी में डॉक्टरों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर पर गंभीर चोट होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए घायल श्रद्धालु को एम्बुलेंस के माध्यम से ज्योतिर्मठ भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रशासन के अनुसार फिलहाल घायल श्रद्धालु की हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं लगातार खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में यात्रा मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
