उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 3 जून को राज्य के कई जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई है। विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी देहरादून समेत टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज आंधी-तूफान की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मौसम का यह बदलाव केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। आगामी 8 जून तक उत्तराखंड के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है। 4 और 5 जून को भी पहाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भी सतर्क है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचें। साथ ही मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।
