पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में 19 वर्षीय गर्भवती युवती के गंभीर रूप से घायल स्थिति में मिलने के दो दिन बाद पुलिस ने उसके प्रेमी को कथित तौर पर हत्या की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती का बच्चा गिराना चाहता था, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं हो रही थी।
पुलिस ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान 21 वर्षीय योगेश डेढ़ा के रूप में हुई है, जिसने युवती पर पेचकस, ब्लेड और पत्थरों से कथित तौर पर हमला किया था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी योगेश डेढ़ा को शनिवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, एक आयुर्वेद क्लीनिक में काम करने वाली युवती गुरुवार सुबह चिल्ला गांव में दमकल सेवा कार्यालय के पास खून से लथपथ पाई गई थी। पुलिस ने बताया कि पीड़िता लोक नायक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है और उसे जीवन रक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया है।
पूर्वी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अचिन गर्ग ने बताया कि योगेश डेढ़ा यहां चिल्ला गांव का रहने वाला है और वह लड़की को मरा हुआ समझकर घटनास्थल पर छोड़ गया था।
पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पीड़िता और योगेश एक ही इलाके में रहते थे और कुछ वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। अधिकारी ने बताया, ”दोनों पिछले तीन वर्ष से रिश्ते में थे, लेकिन जब युवती ने उसे बताया कि वह गर्भवती और उसके बच्चे को जन्म देने वाली है तो इस बात पर उनके बीच विवाद हो गया।
