वाण:- मां नंदा की जात वाण से गैरोली पातल होते हुए वेदनी के लिए रवाना हो गई। मां नंदा की डोली के वाण से प्रस्थान के समय श्रद्धा और भावुकता का माहौल देखने को मिला। स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां नंदा की डोली को अगले पड़ाव के लिए विदा किया। इस दौरान पूरा वाण क्षेत्र मां नंदा के जयकारों, जागरों और पारंपरिक मांगल गीतों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर मां नंदा का आशीर्वाद लिया और यात्रा के सफल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और लोकगीतों के बीच डोली के आगे बढ़ने का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए भावुक करने वाला रहा।
डीएम गौरव कुमार ने की पूजा-अर्चना
मां नंदा की जात के वाण से प्रस्थान के अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने डोली की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां नंदा का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। साथ ही मां नंदा की बड़ी जात के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की। पूजा के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों, जागरों और जयकारों के बीच मां नंदा की डोली को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया गया।
40 से अधिक छंतोलियों के साथ आगे बढ़ रही यात्रा
मां नंदा राज जात में 40 से अधिक छंतोलियों, सैकड़ों देव निशानों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी है। वाण से डोली के प्रस्थान के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों, जागरों और मांगल गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। डोली के साथ चल रहे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और आस्था दिखाई दी। ग्रामीणों ने अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक रीति-रिवाजों के अनुरूप मां नंदा को विदाई दी। यात्रा के दौरान स्थानीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का विशेष रूप से दर्शन हुआ।
डीएम और एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
डोली के वाण से रवाना होने से पहले जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार यात्रा पड़ाव पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने यात्रा मार्ग और पड़ावों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के आगामी पड़ावों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मार्ग और पड़ावों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील की
मां नंदा की जात को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पर्वतीय मार्ग और मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का ही इस्तेमाल करने और यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। साथ ही यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की गई है। इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अन्य जनप्रतिनिधि, वाणवासी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
