देहरादून:- देहरादून में बुधवार को बारावफात और भगवान टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोनों आयोजनों को देखते हुए शहर में सुबह 8 बजे से लेकर रात तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। ट्रैफिक प्लान बारावफात की शोभायात्रा शुरू होने के साथ लागू होगा और टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा के समापन तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा और जरूरत के अनुसार यातायात को रोक-रोककर आगे बढ़ाया जाएगा।
टपकेश्वर महादेव शोभायात्रा का रूट
भगवान टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से शुरू होगी। इसके बाद शोभायात्रा सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पलटन बाजार, घंटाघर, बिंदाल, कैंट क्षेत्र, डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा के शिवाजी धर्मशाला से रवाना होने पर निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट की ओर से सहारनपुर चौक आने वाले वाहनों को जीएमएस रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों को जरूरत के अनुसार रोक-रोककर निकाला जाएगा।
इन रास्तों पर बदलेगा ट्रैफिक
शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पहुंचने से पहले बल्लीवाला की ओर से आने वाले वाहनों को कमला पैलेस की तरफ भेजा जाएगा। वहीं लक्ष्मण चौक से आने वाले यातायात को पार्क रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। घंटाघर से चकराता रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को दिलाराम चौक की ओर भेजा जाएगा। बल्लूपुर की तरफ से आने वाले यातायात को बल्लूपुर से किशननगर चौक, बिंदाल चौकी कट होते हुए दिलाराम चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रहेगी रोक
शोभायात्रा के दौरान घंटाघर और चकराता रोड की ओर भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। शोभायात्रा के पोस्ट ऑफिस पहुंचने पर वाटिका तिराहा से आने वाले यातायात को आकाशगंगा तिराहा होते हुए पोस्ट ऑफिस की तरफ भेजा जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा डाकरा रोड को पार करने के बाद संबंधित मार्गों पर यातायात व्यवस्था सामान्य की जाएगी।
इन स्थानों पर लगाए जाएंगे बैरियर
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से कई स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। इनमें लालपुल, बल्लीवाला चौक, मातावाला बाग तिराहा, बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक और घंटाघर शामिल हैं।
बारावफात शोभायात्रा को लेकर भी डायवर्जन
बुधवार सुबह 8 बजे बारावफात की शोभायात्रा भी निकलेगी। इसके चलते जरूरत पड़ने पर पुलिस पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और सहारनपुर चौक से यातायात को डायवर्ट करेगी। प्रिंस चौक से द्रोण कट की ओर जाने वाले वाहनों को आंशिक रूप से चंदननगर कट होते हुए दून चौक की तरफ भेजा जाएगा। वहीं तहसील चौक से प्रिंस चौक की ओर जाने वाले यातायात को रोक-रोककर आगे बढ़ाया जाएगा। शोभायात्रा के दून चौक पहुंचने के दौरान तहसील चौक से दून चौक की ओर जाने वाले वाहनों को प्रिंस चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। क्रॉस रोड से आने वाले यातायात को मनोज क्लिनिक से मुख्य शाखा एसबीआई बैंक की ओर भेजा जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बुधवार को घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और डायवर्जन को ध्यान में रखें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।
