नई दिल्ली:- केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। गुरुवार शाम बेचैनी और असहज महसूस होने की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उनकी कई जांचों के साथ कोरोनरी एंजियोग्राफी भी की है। एम्स के मीडिया एवं प्रोटोकॉल विभाग की प्रभारी प्रोफेसर डॉ. रीमा दादा की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जांच के बाद जेपी नड्डा को कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी के लिए भर्ती किया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
तबीयत खराब होने से पहले फहराया था तिरंगा
खास बात यह है कि गुरुवार को तबीयत खराब होने से पहले जेपी नड्डा सामान्य रूप से अपने कार्यक्रमों में सक्रिय थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए देशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील भी की थी।
9 से 17 अगस्त तक भाजपा का तिरंगा अभियान
भाजपा की ओर से 9 अगस्त से 17 अगस्त तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए आजादी का पर्व मनाया जा रहा है। इस दौरान शहरों और गांवों में तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जेपी नड्डा ने अपने संदेश में कहा था कि ‘विकसित एवं आत्मनिर्भर’ भारत के निर्माण के लिए देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर पूरे स्वाभिमान के साथ अपने घर की छत पर तिरंगा फहराने का आग्रह किया था।
डॉक्टरों की निगरानी में हैं जेपी नड्डा
फिलहाल जेपी नड्डा एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अस्पताल की ओर से उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। उनकी आगे की चिकित्सा और निगरानी डॉक्टरों की टीम की सलाह के अनुसार जारी है।
