कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद मिलिंद देवड़ा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आधिकारिक आवास पर पहुंचे। इसके बाद वह औपचारिक रूप से शिवसेना में शामिल हो गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। रविवार को उन्हें मुंबई में सीएम शिंदे के आवास वर्षा बंगले के पास देखा गया। इस मौके पर उनके समर्थक भी मौजूद रहे जो नारे लगा रहे थे। समर्थकों का नारा था- ‘मिलिंद भाई आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं।’ न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक पोस्टर भी जारी किया था जिसमें मुख्यमंत्री शिंद के साथ देवड़ा की तस्वीर थी। इस पर लिखा है, ‘पक्ष प्रवेश, मिलिंद देवड़ा।’
मिलिंद देवड़ा के शिवसेना में शामिल होने की अटकलों के बीच सीएम शिंदे का बयान भी कुछ देर पहले आ गया था। इस दौरान वह देवड़ा के शिवसेना में शामिल होने पर कुछ कहने से बचते रहे मगर उन्होंने कहा कि अगर देवड़ा पार्टी में शामिल होना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, ‘मैंने उनके फैसले के बारे में सुना है। अगर वह पार्टी में शामिल हो रहे हैं तो मैं उनका स्वागत करूंगा।’
