देहरादून में शुक्रवार को राजनीतिक और युवा गतिविधियों का केंद्र राजधानी बनी हुई है। एक ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का शाम को बन्नू स्कूल में युवाओं के साथ ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है, तो दूसरी ओर उससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूथ फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में हिस्सा लेकर युवाओं को संबोधित किया।
कुआंवाला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आर्मी स्टाइल जैकेट पहने नजर आए, जिसने युवाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुई और पूरे आयोजन में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई। मैदान में प्रवेश करने वाले सभी युवाओं की पहले सुरक्षा जांच की गई। इसके अलावा पूरे आयोजन की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे समय मौके पर तैनात रहीं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
करीब दो हजार युवाओं की रही मौजूदगी
‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और विकासनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 2,000 युवा शामिल हुए। इनमें स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं के अलावा अग्निवीर योजना से प्रेरित युवा, पूर्व सैनिक और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
अग्निवीर योजना पर हो सकता है बड़ा ऐलान
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम के दौरान अग्निवीर योजना से जुड़े युवाओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकते हैं। माना जा रहा है कि राज्य सरकार अग्निवीरों के भविष्य, रोजगार, कौशल विकास और सरकारी सेवाओं में अवसरों को लेकर नई योजनाओं का ऐलान कर सकती है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी आधिकारिक घोषणा की पुष्टि नहीं हुई थी।
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल
मुख्यमंत्री धामी का यह कार्यक्रम ऐसे समय आयोजित हुआ है जब शाम को कांग्रेस नेता राहुल गांधी देहरादून के बन्नू स्कूल में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत युवाओं और छात्रों से संवाद करने वाले हैं। ऐसे में राजधानी में एक ही दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के बड़े कार्यक्रमों के चलते राजनीतिक माहौल भी गर्माया हुआ है। दोनों आयोजनों पर प्रदेशभर की नजर बनी हुई है।
