देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत चर्चा का विषय बने हुए हैं। इस बार उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पसंदीदा सीट पर खुलकर राय रखी है। हरक सिंह रावत ने संकेत दिया है कि इस बार उनकी प्राथमिकता किसी मैदानी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की है। उनका कहना है कि इस संबंध में उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपनी इच्छा से अवगत करा दिया है, जबकि अंतिम फैसला हाईकमान ही करेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि किसी भी सीट पर कई दावेदार होने के कारण टिकट वितरण हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है। ऐसे में किसी वरिष्ठ नेता की स्पष्ट पसंद सामने आने से राजनीतिक चर्चाएं तेज होना स्वाभाविक है।
हरक सिंह रावत ने बताया कि राज्य की कई विधानसभा सीटों से उनका जुड़ाव रहा है, लेकिन इस बार उनकी सोच अलग है। उनका मानना है कि यदि उन्हें मैदानी क्षेत्र से चुनाव लड़ने का अवसर मिलता है तो वे चुनाव अभियान के दौरान प्रदेश की अन्य सीटों पर भी पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में अधिक समय दे सकेंगे। चर्चाओं के बीच सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है। इस क्षेत्र से हरक सिंह का लंबे समय से जुड़ाव माना जाता है और यहां उनका शैक्षणिक संस्थान भी स्थित है। हालांकि, इस सीट पर पिछले चुनावों में भाजपा के सहदेव पुंडीर लगातार जीत दर्ज करते रहे हैं। हरक सिंह का कहना है कि उनकी प्राथमिकता केवल अपनी जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि वे पूरे प्रदेश में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर पार्टी को अधिकतम फायदा पहुंचाना चाहते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व उन्हें किस विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारता है।
