गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर महिला टीचर से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शादी का दबाव डालने पर आरोपी शादी से मुकर गया, जिसके बाद पीड़ित टीचर ने उसके खिलाफ मधुबन बापूधाम थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती पेशे से टीचर है। उसने कौशांबी निवासी आयुष अग्रवाल के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आयुष एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट है। पीड़िता की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में उसका कहना है कि चार साल पहले उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिये आयुष अग्रवाल से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई और मुलाकात का सिलसिला शुरू हो गया। इस बीच आयुष ने उसे शादी करने का भरोसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का आरोप है कि आयुष बीते कुछ सालों से उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म कर रहा था। पीड़िता ने जब आयुष पर शादी का दबाव बनाया तो वह मुकर गया और उसने शिकायत करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी।
एसीपी कविनगर ने बताया कि पीड़ित महिला टीचर की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी आयुष अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
