नैनीताल:- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर खुर्पाताल के पास पर्यटकों से भरी थार अनियंत्रित होकर करीब 100 से 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार पांच पर्यटक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि थार में सवार पर्यटक दिल्ली और राजस्थान से नैनीताल घूमने पहुंचे थे। वाहन सड़क से नीचे लुढ़कते हुए खुर्पाताल झील के किनारे तक जा पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने पांचों पर्यटकों को निकाला
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। खाई काफी गहरी होने और रास्ता दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू टीम को घायलों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे सभी पांच पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बीडी पांडे अस्पताल में प्राथमिक उपचार, फिर हल्द्वानी रेफर
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए बीडी पांडे जिला अस्पताल, नैनीताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति का परीक्षण कर प्राथमिक उपचार दिया। घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि थार किस वजह से अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है। खासकर पर्यटकों को पहाड़ी सड़कों पर गति नियंत्रित रखने और सड़क की स्थिति के अनुसार वाहन चलाने की सलाह दी जाती है।
