रामपुर:- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बुधवार, 12 अगस्त को रामपुर पहुंचे। करीब सुबह 11 बजे रामपुर पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। स्वागत के बाद शिवपाल यादव सीधे रामपुर जिला कारागार पहुंचे, जहां उन्होंने जेल में बंद सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान से मुलाकात की। जिला कारागार पहुंचने के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत नहीं की। उन्होंने कहा कि आजम खान से मुलाकात के बाद वह बाहर आकर मीडिया से बात करेंगे। ऐसे में अब उनकी और आजम खान की मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
आजम खान को मनाने की जिम्मेदारी मिलने की चर्चा
शिवपाल यादव के रामपुर जेल पहुंचने को सपा के अंदर चल रही राजनीतिक गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व की ओर से आजम खान को मनाने और उनसे बातचीत करने की जिम्मेदारी शिवपाल यादव को दी गई है। इसी सिलसिले में उनका रामपुर दौरा अहम माना जा रहा है।
आजम खान के परिवार से भी करेंगे मुलाकात
जानकारी के अनुसार, जेल में आजम खान और अब्दुल्ला आजम से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव दोपहर करीब 12:30 बजे आजम खान के आवास पर जाएंगे। यहां वह आजम खान की पत्नी और उनके बड़े बेटे अदीब आजम से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शिवपाल सिंह यादव दोपहर करीब 1:15 बजे मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचेंगे। यहां वह विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्रों से बातचीत करेंगे। शिक्षकों और छात्रों से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। अब सभी की निगाहें जेल में आजम खान के साथ उनकी मुलाकात और इसके बाद होने वाली बातचीत पर टिकी हैं।
